सुरेश पांडये, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां वेतन कटौती से नाराज श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर लाठीचार्ज और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस पूरी घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके का राजनीतिक और प्रशासनिक पारा चढ़ गया है। घटना सरई थाना क्षेत्र के खनुआ नवा मुख्य तिराहे की है।
वेतन कटौती से नाराज होकर सड़क पर उतरे थे श्रमिक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, APMDC के अंतर्गत कार्यरत परफेक्ट सिक्योरिटी कंपनी के 66 श्रमिक अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। श्रमिकों का मुख्य आरोप है कि नई कंपनी के आने के बाद उनका वेतन अचानक कम कर दिया गया है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। अपनी इसी नाराजगी के चलते सुबह करीब 11 बजे से लेकर रात के 1 बजे तक श्रमिकों ने सरई-गजराबहरा मार्ग पर काम बंद कर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जाम खुलवाने का प्रयास किया।
2 नवंबर महाकाल भस्म आरती: भांग-चंदन और ड्रायफ्रूट से दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
लाठीचार्ज और मारपीट के गंभीर आरोप
सड़क जाम खुलवाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी मजदूरों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। श्रमिकों का आरोप है कि पुलिस ने मौके पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और लाठीचार्ज किया। इस कथित पुलिसिया कार्रवाई के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
देवास में शराब माफिया ने TI पर चढ़ाया ट्रक: तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी को कुचला, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
स्थानीय राजनीतिक नेताओं पर भी लगे आरोप
इस मामले में श्रमिकों ने भाजपा लंघाडोल मंडल अध्यक्ष केडी वैश्य और सरई मंडल अध्यक्ष रामधनी जायसवाल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिकों का दावा है कि ये दोनों नेता पुलिस के साथ थाने से मौके पर पहुंचे थे और विवाद के दौरान मजदूरों के साथ मारपीट की गई। हालांकि, इन राजनीतिक आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं होती है। फिलहाल, वायरल वीडियो और मजदूरों के गंभीर आरोपों के बाद स्थानीय प्रशासन मामले की तहकीकात में जुट गया है, और क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

