कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर में पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर बदमाशों ने एक वकील धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात में वकील गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के विरोध में साथी वकीलों ने थाने पहुंचकर रोष जताया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर थाना घेराव की चेतावनी दी है।
ऑफिस के बाहर बुलाकर मांगे पैसे, मना करने पर किया हमला
दरअसल अधिवक्ता रॉबिन जैन अपने ऑफिस के बाहर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों के साथ उनका पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। हमलावर ऑफिस के बाहर पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाया। बाहर आते ही बदमाशों ने हथियारों की नोक पर उनसे पैसों की मांग शुरू कर दी। जब अधिवक्ता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में आरोपियों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने अधिवक्ता के सिर पर घातक वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जेब में मोबाइल या टाइम बम ? क्लीनिक में Mobile ब्लास्ट का वीडियो वायरल, फुटेज देख कांप जाएगी रूह, बाल-बाल बचे नवजात और मरीज
वकीलों में आक्रोश, थाने का घेराव करने की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बार एसोसिएशन और साथी वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वकीलों का आरोप है कि जिन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जन कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट रोहित कुरील ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और थाने का घेराव किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

