कुंदन कुमार/पटना। बिहार विधान परिषद की एक खाली सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अशरफ अंसारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया।
चिराग पासवान के नेतृत्व में नई शुरुआत
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि यह पल लोजपा (आर) के लिए अत्यंत गर्व का है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के लंबे अंतराल के बाद, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के कुशल नेतृत्व में यह संभव हो पाया है। संजय सिंह ने विशेष रूप से अशरफ अंसारी को टिकट दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक ऐसे समर्पित कार्यकर्ता को मौका दिया है, जो लंबे समय से संगठन की मजबूती के लिए जमीन पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ता के सम्मान की जीत है।
NDA की जीत का दावा और विपक्ष पर निशाना
उपचुनाव के नतीजों को लेकर आश्वस्त दिख रहे मंत्री संजय सिंह ने दावा किया कि एनडीए के सभी उम्मीदवार प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। संजय सिंह ने तेजस्वी यादव को ‘मौके से गायब रहने वाला नेता’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव केवल दिखावे की राजनीति करते हैं और जनता की समस्याओं के समय वे गायब रहते हैं। मंत्री ने दावा किया कि इसी नकारात्मक व्यवहार और जनता से दूरी बनाने के कारण ही बिहार की जनता अब आरजेडी को वोट करना पसंद नहीं करती है।
इस नामांकन के साथ ही बिहार की राजनीति में एनडीए का आत्मविश्वास साफ झलक रहा है। वहीं, विपक्ष अब इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल, लोजपा (आर) अपने इस फैसले से कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश में जुटी है।

