LPG Price Hike: महंगाई से जूझ रही जनता को आज रविवार (7 जून) की सुबह एक बार फिर झटका लगा है। दरअसल सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें आज रविवार से लागू हो गई हैं। कीमतों में हुए इजाफे के बाद अब 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को पहले से और अधिक पैसे चुकाने होंगे।

पटना में 1032 रुपए का मिलेगा सिलेंडर

एलपीजी गैस की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी होने का असर बिहार समेत पूरे देश में देखने को मिला है। राजधानी पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1032 रुपए हो गई है, जिसका सीधा और बुरा असर लाखों परिवारों के बजट पर पड़ रहा है। वहीं, अन्य शहरों की बात करें तो देश की राजधानी दिल्ली में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपए हो गई है। लखनऊ में 979 रुपए, कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपए, मुंबई में 941 रुपए और चेन्नई में 957.50 रुपए हो गई है।

तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम

गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। घरेलू खर्च पहले से ही बढ़े हुए हैं। ऐसे में गैस सिलेंडर महंगा होने से आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है। विपक्षी दलों ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

क्यों बढ़ रहे हैं गैस के दाम?

जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आयात लागत बढ़ने का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से भी एलपीजी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

आसमान छू रहे पेट्रोल-डीजल के दाम

एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि मई के मध्य से अब तक ईंधन की कीमतों में करीब 7.50 रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा हो चुका है। ऐसे में रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में महंगाई से राहत मिलती है या नहीं।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में प्री-मानसून की दस्तक, अगले 5 दिनों तक इन जिलों में झमाझम बारिश