लखनऊ. उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय की अलख को और अधिक सशक्त करते हुए शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण और गहन बैठक का सफल आयोजन संपन्न हुआ. यह बैठक उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग, AICC) राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय अध्यक्ष (ओबीसी विभाग, AICC) डॉ. अनिल जय हिन्द की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय सचिव व सह-प्रभारी, बुंदेलखंड जगदीश चंदर जांगिड़ और उत्तर प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष मनोज यादव भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे.

संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर से आए पिछड़ा वर्ग के सम्मानित प्रतिनिधियों, विचारकों और कार्यकर्ताओं ने समाज के अधिकारिक हक, भागीदारी और वर्तमान परिदृश्य पर विस्तार से अपने विचार साझा किए. इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु देश और प्रदेश में ‘वैज्ञानिक जाति जनगणना’ की नितांत आवश्यकता पर गहन मंथन रहा. कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से रेखांकित किया कि जब तक समाज के हर वर्ग की सटीक और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित आबादी का आंकड़ा सामने नहीं आएगा, तब तक संसाधनों का न्यायोचित वितरण और नीतियों का पारदर्शी क्रियान्वयन संभव नहीं है. कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ के सिद्धांत की पक्षधर रही है, और यह बैठक उसी संवैधानिक प्रतिबद्धता को धरातल पर उतारने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी.

इसे भी पढ़ें : सत्ता-वियोग की पीड़ा में राहुल गांधी का… डिप्टी सीएम केशव मौर्य का नेता विपक्ष पर हमला, जानिए क्यों कहा नौटंकी उनकी सबसे बड़ी पहचान?

बैठक में सर्वसम्मति से यह मांग विशेष रूप से रेखांकित की गई कि केंद्र सरकार आगामी राष्ट्रीय जनगणना के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए एक अलग और स्पष्ट कॉलम शामिल करे. प्रतिनिधियों का मानना था कि आजादी के बाद से ही ओबीसी समाज का सटीक डेटा न होने के कारण उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन होता रहा है, इसलिए जनगणना में ओबीसी का पृथक कॉलम जोड़ना केवल एक प्रक्रियात्मक मांग नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता की दिशा में एक अनिवार्य कदम है.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम जी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग देश की नींव है और उनके अधिकारों की रक्षा तथा सत्ता व व्यवस्था में मुख्यधारा की भागीदारी दिलाना कांग्रेस पार्टी का प्राथमिक संकल्प है. वहीं मनोज यादव जी ने विभाग की भावी रणनीतियों को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग गांव-गांव और गली-गली जाकर वैज्ञानिक जाति जनगणना और ओबीसी कॉलम जोड़ने की इस आवाज को एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप देगा. कांग्रेस पार्टी सामाजिक समरसता, बराबरी और हक की इस लड़ाई को हर मंच पर पूरी मजबूती के साथ लड़ने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.