सतीश सिंह, लखनऊ. राजधानी के नगराम क्षेत्र में चालान कटने से नाराज होकर थाने की बिजली काटने के मामले में लखनऊ इलेक्ट्रिकल सप्लाई अथॉरिटी (LESA) ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए दो संविदा कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं.

जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा एक दिन पूर्व वाहन चेकिंग के दौरान एक संविदाकर्मी का चालान काटा गया था. आरोप है कि इससे नाराज होकर नगराम उपकेंद्र से जुड़े संविदाकर्मियों ने थाने की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी. उधर, मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग ने जांच शुरू की.

इसे भी पढ़ें : प्रैक्टिस बनाएगी परफेक्ट! UP पुलिस का हर सप्ताह होगा ऑनलाइन कौशल प्रशिक्षण, लागू किया जा रहा ‘वीकेंड ट्रेनिंग टारगेट’

जांच के बाद लेसा ने संविदाकर्मी अमरेंद्र और दीपक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए संबंधित ठेका एजेंसी टी एंड एम (T&M) को भी पत्र भेजा गया है, ताकि विभागीय कार्रवाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जा सके.

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या व्यक्तिगत कारणों से बिजली आपूर्ति प्रभावित करने जैसी हरकत किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मामले की विभागीय जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ समय तक थाने की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. फिलहाल आपूर्ति बहाल कर दी गई है.