लखनऊ. लखनऊ के वीआईपी इलाके में स्थित जवाहर भवन में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग भवन की चौथी मंजिल पर लगी, जिसके बाद पूरे परिसर को तत्काल खाली कराया गया. कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश जी, अपने नेताओं को संभालिए!’ OP राजभर का बड़ा हमला, राजभर और दलित समाज के अपमान पर दी चेतावनी

दमकल और एसडीआरएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं. कई फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. करीब डेढ़ घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इसके बाद अधिकारियों ने पूरे भवन का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.

कैंटीन क्षेत्र से आग शुरू होने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग चौथी मंजिल पर स्थित जलपान गृह (कैंटीन) के आसपास लगी. इसी मंजिल पर कर्मचारी कल्याण निगम का कार्यालय भी है. शुरुआती सूचना में खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय में आग लगने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में इसकी पुष्टि नहीं हुई. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जा रही है.

इसे भी पढ़ें- CM योगी का युवाओं के लिए बड़ा संदेश! बोले- सिर्फ डिग्री नहीं, यह एक चीज बनाएगी करोड़ों का भविष्य

जनहानि टली, अब नुकसान का हो रहा आकलन

जवाहर भवन में विभिन्न सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा अधिकरण, सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो, भारतीय स्टेट बैंक, लोक निर्माण विभाग और आदर्श कोषागार शामिल हैं. आग पर काबू पाने के बाद अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, समय रहते भवन खाली करा लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने की अपील की है.