उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. सोमवार को लखनऊ स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए गए.
इस बार पहली बार लीग के मुकाबले दो शहरों लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक क्रिकेट प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ेंः ‘लखपति दीदी’ पर होगा रिसर्च! राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का बड़ा संदेश, महिला किसानों को बताया देश की असली ताकत
14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन, सितारों से सजेगी शाम
लीग का उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा. कार्यक्रम में प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलास अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी. इसके अलावा शानदार ड्रोन शो, आतिशबाजी और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह को यादगार बनाएंगी. पूरे कार्यक्रम का संचालन लोकप्रिय स्पोर्ट्स एंकर जतिन सप्रू करेंगे.
4000 टिकट रियायती दरों पर, ई-डिस्ट्रिक्ट एप से होगी बुकिंग
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि उद्घाटन समारोह के लिए 4000 टिकट रियायती दरों पर उपलब्ध कराए गए हैं. अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है. टिकट ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ एप के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे. सभी टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगे.
लखनऊ में 22 और कानपुर में 12 मुकाबले, 6 सितंबर को फाइनल
लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जहां कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दूसरा चरण शुरू होगा, जहां 12 मुकाबले आयोजित होंगे. कुल 34 मैचों वाली इस लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में खेला जाएगा. आयोजकों का कहना है कि इस बार का सीजन पहले से अधिक भव्य और रोमांचक होगा.


