मेरठ. उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के 19वें दीक्षांत समारोह में पहुंचीं. वहां उन्होंने महिला किसानों और ‘लखपति दीदी’ के योगदान को देश के विकास की प्रेरक शक्ति बताया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में अगले 48 घंटे पड़ सकते हैं बेहद भारी ! बारिश का रेड अलर्ट जैसा असर, 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उन्होंने विश्वविद्यालयों से आह्वान किया कि सफल महिला किसानों, आत्मनिर्भर महिलाओं और ‘लखपति दीदी’ के संघर्ष, नवाचार और उपलब्धियों पर शोध कर उन्हें समाज के सामने लाया जाए, ताकि वे नई पीढ़ी और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सकें.

450 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 22 मेधावियों को पदक

दीक्षांत समारोह में 450 विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 22 विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं अन्य पदकों से सम्मानित किया गया. राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि कृषि अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना भी होना चाहिए.

एफपीओ, मूल्य संवर्धन और आधुनिक तकनीक पर दिया जोर

राज्यपाल ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि में मूल्य संवर्धन, आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल और फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने विश्वविद्यालयों को रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए. उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में विश्वविद्यालय को 74 शोध परियोजनाओं के लिए 66 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता मिली है साथ ही कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से करीब 40 हजार किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है.

एआई और डिजिटल तकनीक से बदलेगा कृषि का भविष्य

समारोह के मुख्य अतिथि गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है. वहीं उद्योगपति अतुल धीरजलाल पटेल ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और अपनी प्रतिभा को किसानों तथा राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित करने का आह्वान किया.

इसे भी पढ़ें- ‘पेपर लीक में भाजपाई शामिल!’ अखिलेश यादव के बड़े आरोप, बोले- सरकार युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती

अंत में राज्यपाल ने विद्यार्थियों से माता-पिता का सम्मान करने, “देश प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान शोध एवं नवाचार के माध्यम से खोजने का संकल्प लेने का आह्वान किया.