लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पिछले कई दिनों से हो रही झमाझम बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है. प्रदेश के 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 45 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 21 July: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
तराई में सबसे ज्यादा बरसे बादल, बरेली रहा सबसे आगे
सोमवार को तराई क्षेत्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 174 मिमी वर्षा बरेली में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा लखीमपुर खीरी में 160 मिमी, रामपुर में 152 मिमी और शाहजहांपुर में 150.3 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई तक प्रदेश में 160.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 170.3 मिमी के करीब है.
अगले दो दिन जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें- बाढ़ हो या सूखा, हर नागरिक की सुरक्षा और किसानों की फसल बचाना सरकार की प्राथमिकता : योगी
इन जिलों में अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने बांदा, आगरा, मथुरा, झांसी, इटावा, औरैया, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, एटा और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, रामपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर समेत 45 जिलों में येलो अलर्ट लागू है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.


