लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है. सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और इन मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी देने के बजाय भर्ती प्रक्रिया को कमजोर कर रही है.
इसे भी पढ़ें- लो भइया… रामलला के बाद कृष्णलला की बारी! श्री बांके बिहारी मंदिर से 360 किलो के चांदी का रथ गायब होने का आरोप
‘जंतर-मंतर पहुंचे छात्रों की आवाज दबाई गई’
अखिलेश यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ. उन्होंने दावा किया कि कई परिवारों ने इस कारण अपने बच्चों को खोया, लेकिन सरकार ने उनके प्रति संवेदना तक व्यक्त नहीं की. उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना छात्रों का अधिकार है. उन्होंने पार्टी के युवा सांसदों को छात्रों से मिलकर उनका समर्थन करने के निर्देश दिए.
’20 से अधिक पेपर लीक मामलों का रिकॉर्ड हमारे पास’
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए कथित पेपर लीक मामलों को लेकर एक ऑडिट रिपोर्ट प्रकाशित की है. उनके अनुसार, इसमें 20 से अधिक भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों का जिक्र किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक किसी बड़े दोषी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और सरकार आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्थायी सरकारी नौकरियों को कमजोर कर रही है.
इसे भी पढ़ें- बाढ़ हो या सूखा, हर नागरिक की सुरक्षा और किसानों की फसल बचाना सरकार की प्राथमिकता : योगी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में “चंदा, चोरी और चढ़ावा चोरी” जैसे मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को जवाब देना चाहिए.


