चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ 93 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कुलदीप सिंह की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी गौरव जैन, उसकी पत्नी विजेता जैन सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
READ MORE: बैंक में युवती ने काटा रिटायर शिक्षक का थैला, 50 हजार रुपये उड़ाए; वारदात CCTV में कैद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को शेयर मार्केट में निवेश कर बेहतर रिटर्न दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास में पीड़ित ने अलग-अलग समय पर कुल 1.93 करोड़ रुपये आरोपियों को सौंप दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो आरोपियों ने शेयर मार्केट में निवेश किया और न ही तय समय पर पैसे वापस लौटाए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जांच के दौरान पुलिस को प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी मिली है कि आरोपियों ने निवेश के नाम पर ली गई पूरी राशि अपने निजी उपयोग में खर्च कर दी। क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
READ MORE: भिंड में सहायक सचिव की किडनैपिंग: 5 लाख के लेनदेन को लेकर 13 घंटे बनाया बंधक, पीट-पीटकर उधेड़ी चमड़ी
पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गौरव जैन पूर्व में एक अन्य विवाद के चलते चर्चा में रह चुका है। उसने पहले लसूड़िया थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर घर में घुसकर डकैती करने के आरोप लगाए थे। क्राइम ब्रांच को आशंका है कि आरोपियों के खिलाफ निवेश के नाम पर ठगी की अन्य शिकायतें भी सामने आ सकती हैं। ऐसे में पुलिस संभावित पीड़ितों से भी संपर्क कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


