Rajasthan Politics: राजस्थान की सियासत में एक बार फिर पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को लेकर बयानबाजी के शोले भड़क उठे हैं। इस बार मोर्चा बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने संभाला है। राठौड़ ने पायलट की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें एक परिपक्व और सौम्य नेता बताया। साथ ही, उन्होंने दबी जुबान में कांग्रेस के अंदर पायलट के हो रहे अपमान का मुद्दा उठाकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

निकम्मा-नाकारा कहना गलत, पायलट का हो रहा अपमान

मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पायलट जैसे सम्मानित नेता के लिए निकम्मा और नाकारा जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना पूरी तरह से अनुचित था। राठौड़ के मुताबिक, इस तरह की भाषा की टीस लंबे समय तक रहती है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस में सचिन पायलट को वो सम्मान नहीं मिल रहा है, जिसके वे हकदार हैं।

पायलट ने कभी नहीं की लूज टॉक, वे विवेकवान हैं

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने पायलट के व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी राजनीति में अपनी भाषा की मर्यादा नहीं लांघी। राठौड़ ने कहा पायलट ने कभी लूज टॉक नहीं की, वे हमेशा संयमित रहते हैं। कांग्रेस के ही कई बड़े नेता उनसे दूरी बनाकर चल रहे हैं, जो उनकी स्थिति को साफ बयां करता है। राठौड़ ने यह भी जोड़ा कि पायलट बुद्धिमान हैं और उन्हें अपने राजनीतिक भविष्य और देश हित को ध्यान में रखकर खुद फैसला करना चाहिए।

हाल ही में बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल के एक विवादित बयान पर सफाई देते हुए राठौड़ ने कहा कि बहुरूप शब्द का इस्तेमाल पायलट को अपमानित करने के लिए नहीं किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब पायलट के बहुआयामी व्यक्तित्व से है एक तरफ उनका सौम्य चेहरा है, तो दूसरी तरफ संघर्षशील और आक्रामक तेवर। राठौड़ ने इसे अग्रवाल का पायलट के प्रति अपनापन करार दिया।

बीजेपी के द्वार खुले? राठौड़ ने दिया बड़ा संकेत

पायलट के बीजेपी में आने के सवाल पर राठौड़ ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी को लाने की सक्रिय भूमिका में नहीं है, लेकिन उन्होंने बड़ा संकेत देते हुए कहा राष्ट्र प्रथम की भावना और राष्ट्रीय चरित्र रखने वालों का भारतीय जनता पार्टी में हमेशा स्वागत है। उन्होंने उस घटना का भी जिक्र किया जब पायलट को उनके पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से रोका गया था, जिसे राठौड़ ने पायलट का व्यक्तिगत अपमान बताया। सूत्रों की मानें तो राठौड़ के इस बयान के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है।

पढ़ें ये खबरें