मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिले के बलिराजगढ़ गांव में बीते 3 नवंबर की देर रात ASI द्वारा की गई फायरिंग की घटना में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद आज 5 नवंबर गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मधुबनी पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की और मामले में प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान तेजस्वी को देखने के लिए काफी संख्या में लोग बलिराजगढ़ में पहुंचे हुए थे।

तेजस्वी यादव का सीएम सम्राट पर निशाना

इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि, बिहार के मुख्यमंत्री के ऊपर 7 आपराधिक मामला चल रहा है, उनसे इस राज्य के जनता की रक्षा नहीं हो सकती है। इसलिए उन्हें शीघ्र गांव में इश्तहार चिपका देना चाहिए की अपनी जान माल की रक्षा स्वयं करें। सरकार से कुछ भी नहीं होने वाला है।

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, घटना का आरोपी ASI, जो अभी नेपाल में छुपा हुआ है। उसे सरकार शीघ्र खोज कर गिरफ्तार करें और एनकाउंटर करें। उन्होंने कहा कि, यह घटना छोड़ने वाली नहीं है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

महिला के साथ अवैध संबंध की चर्चा

दरअसल पूरा मामला बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ का है, जहां एक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) चंद्र मोहन सिंह द्वारा कथित तौर पर की गई गोलीबारी में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाना में पदस्थापित एक ASI की बलिराजगढ़ के आसपास के गांव की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बीती रात ASI महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे कथित तौर पर महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सर्विस पिस्टल से की चार राउंड फायरिंग

आरोप है कि ग्रामीणों के बीच घिरने के बाद अपनी जान बचाने के लिए ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अशोक यादव समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव और फूलो देवी की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

ASI की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। SSP ने बताया कि संबंधित ASI को निलंबित (सस्पेंड) किया जा रहा है। उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

ऐसा कोई दिन नहीं, जिस दिन रेप और मर्डर ना हो- तेजस्वी

मधुबनी पहुंचने से पहले दरभंगा एयरपोर्ट मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार में जो घटनाएं हुई हैं आज तक ऐसी घटनाएं देखने को नहीं मिली। बहुत दुख की बात है कि बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है। अपराधियों का बोलबाला पूरे राज्य में हो चुका है। कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन मर्डर और रेप ना हो रहा हो…लगातार मधुबनी और दरभंगा जिले में ये देखने को मिल रहा है। पुलिस से लोग परेशान हैं। रक्षक भक्षक बने हुए हैं, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

ये भी पढ़ें- MLC चुनाव के नतीजों के बाद जदयू में मंथन, अभिषेक झा बोले- NDA में तालमेल को लेकर कोई समस्या नहीं