मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिला पुलिस ने पिस्तौल के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। झंझारपुर थाना पुलिस को बेलारही कट के समीप सघन वाहन चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली। दरअसल चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार 3 युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रसास करने लगे, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
सुपारी लेकर हत्या करने निकले थे आरोपी
तालाशी के क्रम में इनके पास से पिस्तौल, 11 जिंदा कारतूस, बाइक मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर पता चला की चंदन कुमार नाम के एक युवक ने इन लोगों को एक व्यक्ति की हत्या करने की सुपारी दी थी। कुछ रूपया एडवांस और काम होने के बाद शेष डेढ़ लाख रुपए देने की बात हुई थी। हत्या करने वाले व्यक्ति का फोटो मोबाईल पर भेजा जाता और फिर उनकी हत्या कर वे फरार हो जाते। हालांकि घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार एक बड़ी घटना होने से बचा लिया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
गिरफ्तार युवकों का अपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार युवक की पहचान फुलपरास थाना के रोहित झा, रुद्रपुर थाना क्षेत्र के चंदन कामत, घोघरडीहा थाना के आदर्श कुमार के तौर पर हुई है। डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया, पुलिस की सक्रीयता से एक बारदात होने से बच गया और क्राइम से पूर्व अपराधियों को हथियार के साथ दबोच लिया गया। इस संदर्भ में झंझारपुर थाना द्वारा सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें- 440 वोल्ट के तार ने ली किशोर की जान, छह महीने से चल रही थी जर्जर तारों की शिकायत

