मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ मे एक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) द्वारा कथित तौर पर की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव, आक्रोश और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है। पुलिस के उच्च अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
महिला से अवैध संबंध का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाने में पदस्थापित एक ASI का बलिराजगढ़ के पास स्थित एक गांव की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि बीती रात आरोपी ASI चुपचाप उसी महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान सतर्क ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोक तथा विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सर्विस रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग
ग्रामीणों द्वारा खुद को चारों तरफ से घिरता देख और आक्रोशित भीड़ के गुस्से से घबराकर आरोपी ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली। आरोप है कि अपनी जान बचाने की नीयत से उसने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए चार राउंड गोलियां चला दीं। इस अचानक हुई गोलीबारी से वहां भगदड़ मच गई। ताबड़तोड़ चली इन गोलियों की चपेट में आकर अशोक यादव समेत चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
एक की मौत, तीन की हालत नाजुक
गोलीबारी की इस घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) योगेंद्र कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून तोड़ने वाले किसी भीकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

