शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में राज्यपाल के काफिले के पास खड़े युवक की पिटाई करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी को DCP ने सस्पेंड कर दिया। इस मामले की जांच का जिम्मा ACP मिलन जैन को सौंपा गया। बता दें कि लल्लूराम डॉट कॉम ने इस खबर को “ट्रैफिक पुलिसकर्मी की दबंगई: राज्यपाल के काफिले के पास पहुंचे युवक की कर दी पिटाई…” शीर्षक के साथ प्रकाशित किया था।
पुलिसकर्मी का नाम धीरेंद्र शर्मा है जिसे सस्पेंड किया गया है। बता दें कि आनंद चौराहे में राज्यपाल का काफिला गुजर रहा था। उस दौरान युवक को वहां खड़ा देखते ही पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचा और धक्का देकर गिरा दिया। काफिला गुजरने के बाद आरक्षक ने पैर से और फिर चांटा भी मारा था। वहां मौजूद शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

