हेमंत शर्मा, इंदौर। महाराजा तुकोजीराव पवार ट्रॉफी इंदौर जिला इंटर स्कूल एवं मास्टर्स शूटिंग चैंपियनशिप में इंदौर के युवा शूटर श्रीहान नागले ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए श्रीहान ने स्पोर्ट्स पिस्टल मास्टर्स वर्ग में 400 में से 339 अंक हासिल किए और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एक बार फिर साबित कर दिया कि वे शहर के उभरते हुए निशानेबाजों में शामिल हैं।

इंदौर जिला राइफल संघ के तत्वावधान में डेली कॉलेज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बालक, बालिका और मास्टर्स वर्ग के खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले हो रहे हैं। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में कम उम्र के श्रीहान नागले का प्रदर्शन सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। उन्होंने अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास के दम पर अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी।

ये भी पढ़ें: IPL स्टार शशांक सिंह और रिटायर्ड IPS पिता पर FIR: कुक ने लगाया मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, क्रिकेटर ने दी सफाई 

श्रीहान के कोच संदीप पाटीदार ने बताया कि 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में श्रीहान मध्य प्रदेश के सबसे कम उम्र के प्रतिभाशाली शूटरों में गिने जाते हैं। वे इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में इंदौर का नाम रोशन कर चुके हैं और लगातार बेहतर प्रदर्शन से अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। कोच के अनुसार, इस बार श्रीहान से स्वर्ण पदक की पूरी उम्मीद थी, लेकिन परिवार में शोक होने के कारण वे नियमित अभ्यास नहीं कर सके।

इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और प्रतियोगिता के अंतिम चरण में दमदार वापसी करते हुए शानदार अंक हासिल किए। उनके जज्बे और मेहनत का ही परिणाम रहा कि उन्होंने सिल्वर और ब्रॉन्ज दोनों पदक अपने नाम कर इंदौर का गौरव बढ़ाया। श्रीहान की इस उपलब्धि को खेल जगत में बड़ी सफलता माना जा रहा है। कम उम्र में लगातार राष्ट्रीय स्तर की तैयारी और बेहतरीन प्रदर्शन यह संकेत देता है कि आने वाले समय में वे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m