संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है। आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोपों से जुड़ा है। शिकायत खाना बनाने वाले कर्मचारी विपेन्द्र सिंह ने रातीबड़ थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, उनके साथ मारपीट की गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकाया गया।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर रातीबड़ पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में शशांक सिंह या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

विपेंद्र के मुताबिक, उन्हें हाल ही में एक परिचित के जरिए ₹15000 प्रति माह वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने के आश्वासन पर पूर्व पुलिस अधिकारी के नील बड़ बंगले पर काम के लिए लाया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों के भीतर खाने की क्वालिटी को लेकर उन पर भारी मानसिक दबाव बनाया गया और गाली-गलौज की गई।

मामले में क्रिकेटर ने दी सफाई 

इधर इस पूरे मामले शशांक ने कुक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। शशांक ने कहा कि उसे ठीक से खाना बनाना नहीं आता था, इसलिए उसे जाने के लिए कहा गया था। लेकिन वो घर के वीडियो बना रहा था, जब उन्होंने उसे वीडियो बनाने से रोका तो 20 हजार रुपए मांग रहा था। क्रिकेटर ने कहा कि घर से बाहर जाने के बाद चोंट के निशान कैसे आए उन्हें नहीं पता।  मुझे तो लगता है उसको किसी ने षड्यंत्र के तहत भेजा था। पुलिस ने कैसे FIR कर ली ये चौंकाने वाला है। पूरे आरोप ग़लत है, परिवार से पूछ कर आगे की कार्रवाई युवक के खिलाफ की जाएगी। मेरी छवि मैंने ग्राउंड पर बनाई है। शशांक ने मीडिया को कुक का वीडियो भी उपलब्ध कराया है, जिसमें घर के बाहर जाते उस पर कोई भी चोट के निशान नहीं दिख रहे है। साथ ही चैट भी उपलब्ध कराई है। अब पुलिस जांच में पता चलेगा कि ये कोई साजिश है या फिर मारपीट की गई है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m