गुलशन कुमार, महेंद्रगढ़: महेंद्रगढ़ जिले की 166 सरकारी बैंक शाखाओं के कर्मचारियों ने 5 दिवसीय कार्य दिवस (5-Day Work Week) लागू करने की मांग को लेकर आज सामूहिक रूप से एक दिवसीय हड़ताल रखी। सरकार द्वारा मांग न माने जाने के विरोध में की गई इस हड़ताल के कारण बैंक उपभोक्ताओं के अति आवश्यक कार्य प्रभावित हो गए हैं। आज की हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार का नियमित अवकाश होने के कारण अब उपभोक्ताओं को अपने बैंक लेन-देन के लिए सोमवार तक का इंतजार करना पड़ेगा।

अचानक हड़ताल से परेशान हुए उपभोक्ता

हड़ताल की पूर्व सूचना न होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्राहक बैंक शाखाओं में पहुंचे, जहां ताले लटके देखकर उन्हें वापस लौटना पड़ा। बैंक में अपना जरूरी लेन-देन करने आए उपभोक्ताओं ने अव्यवस्था पर निराशा जताई। बैंक पहुंचे एक बुजुर्ग ग्राहक ने बताया कि उन्हें किसी अति आवश्यक कार्य के लिए 5 लाख रुपये की नकदी निकालनी थी, लेकिन बैंक बंद होने की जानकारी मिलने पर उनकी आंखों में आंसू आ गए।

कर्मचारियों ने सरकार पर लगाया दोहरे रवैये का आरोप

हड़ताल का नेतृत्व कर रहे बैंक कर्मचारी पवन कुमार और एच आर सभरवाल ने कहा कि वे लंबे समय से 5 दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के साथ दोहरी नीति अपना रही है और अलग-अलग नियम लागू कर रही है। जिले की सभी 166 सरकारी बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।

मांग न मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो इस महीने के आखिरी शनिवार को भी इसी तरह एक दिन की हड़ताल की जाएगी। इसके बावजूद समाधान न निकलने पर आने वाले समय में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया जाएगा। कर्मचारियों ने यह स्पष्ट किया कि शाखाओं में कामकाज ठप रहने के बावजूद डिजिटल और ऑनलाइन लेन-देन की सेवाएं जारी रहेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m