कनीना (महेंद्रगढ़)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और नारनौल कोर्ट परिसर में रील बनाकर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। कनीना निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर सदर थाना कनीना पुलिस ने ‘राहुल पंडित’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वाले राहुल उर्फ कालू के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह के गन कल्चर और बदमाशी से भरे गानों वाले वीडियो से युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ रही है। पुलिस अब युवक के हथियार की वैधता, वीडियो के समय और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुट गई है।
इंस्टाग्राम पर गन कल्चर का प्रदर्शन, शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए सबूत
शिकायतकर्ता (गुढ़ा निवासी) ने कनीना थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी राहुल उर्फ कालू सोशल मीडिया पर ‘राहुल पंडित’ नाम से एक्टिव है। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अवैध हथियारों और गोलियों के साथ फोटो व रील शेयर की हैं। शिकायतकर्ता ने इन दावों के समर्थन में पुलिस को आरोपी द्वारा अपलोड की गई रील के सबूत भी सौंपे हैं। शिकायत में कहा गया है कि गन कल्चर वाले गानों के साथ हथियारों का ऐसा प्रदर्शन समाज और युवाओं पर गलत असर डाल रहा है।
नारनौल कोर्ट की गैलरी में भी बना डाली रील, बैकग्राउंड में बजा बदमाशी का गाना
आरोपी युवक पर सिर्फ हथियारों का प्रदर्शन करने का ही आरोप नहीं है, बल्कि उसने कानून के रखवालों के ठिकाने यानी नारनौल कोर्ट परिसर को भी रील का मंच बना डाला। शिकायत के मुताबिक, युवक ने कोर्ट की गैलरी में बैठकर वीडियो बनाई, जिसमें पीछे अदालत परिसर साफ दिख रहा है और बैकग्राउंड में बदमाशी को बढ़ावा देने वाला गाना चल रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कोर्ट वाली वीडियो में युवक के पास कोई हथियार नजर नहीं आ रहा है।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, हथियार वैध है या अवैध… जांच शुरू
शिकायत के आधार पर सदर थाना कनीना पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इंस्टाग्राम पर डाली गई तस्वीरों और वीडियो की बारकी से डिजिटल फॉरेंसिक जांच कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि वीडियो में दिख रहा हथियार किसका है, वह लाइसेंसी है या अवैध, और युवक तक वह कैसे पहुंचा।
पहले से भी दर्ज है केस, पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?
शिकायत में इस बात का भी जिक्र है कि आरोपी युवक के खिलाफ अटेली थाने में पहले से भी मामला दर्ज है। पुलिस इस पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना कनीना के एसएचओ रविंद्र ने बताया, “युवक कहीं कोर्स करने गया था और उसने हथियारों के साथ पुरानी फोटो इंस्टाग्राम पर डाली हैं। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हम यह वेरिफाई कर रहे हैं कि हथियार लीगल है या इनलीगल। जहां तक कोर्ट परिसर के वीडियो का सवाल है, उसमें युवक गैलरी में बैठा दिख रहा है और उसके पास कोई हथियार नहीं है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

