कोडरमा। चंदवारा प्रखंड की बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बारिश के बीच स्कूल के अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक ढह गया। संयोग से घटना के वक्त सभी बच्चे सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

खाना खा रहे थे बच्चे, तभी गिरा मलबा

बताया जा रहा है कि जिस समय भवन का हिस्सा गिरा, उस वक्त स्कूल में बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ मलबा नीचे गिरा तो बच्चे घबरा गए। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाया।

विद्यालय में करीब 37 बच्चे नामांकित हैं। घटना में किसी बच्चे के घायल होने की जानकारी नहीं है। स्कूल में फिलहाल शिक्षक पिंटू कुमार ही पदस्थापित हैं।

करीब 16 साल से अधूरा पड़ा था भवन

स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूल का दो मंजिला भवन करीब वर्ष 2010 में बनना शुरू हुआ था, लेकिन इसका ऊपरी हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा था। बारिश के दौरान अचानक इसी हिस्से के ढहने से स्कूल परिसर में मलबा फैल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि भवन काफी समय से जर्जर स्थिति में था। यदि मलबा गिरने के समय बच्चे उसके नीचे मौजूद होते, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

अभिभावकों में बढ़ी चिंता

घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि अधूरे भवन की स्थिति पहले से ही स्पष्ट थी, इसके बावजूद उसे सुरक्षित कराने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल भवन का तकनीकी निरीक्षण कराने और जर्जर-अर्धनिर्मित हिस्से को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।

बारिश के बीच खतरा बरकरार

स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है और ऐसे में भवन के बचे हुए हिस्से को लेकर भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि बच्चों को किसी संभावित दुर्घटना से बचाने के लिए प्रशासन जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण करे और जरूरी कार्रवाई करे।फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत नहीं होने से स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।