कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में उस समय बड़ा हादसा हो गया जब प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल सिंह ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर अचानक बिजली का पोल गिर गया। इस हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि शिक्षा मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, वीरवार को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा सीवन में नगर पालिका अध्यक्ष हेम लता सैनी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद जब वे अपने काफिले के साथ वापस लौट रहे थे, तभी आगे चल रही सीवन थाना पुलिस की पायलट गाड़ी में थाना प्रभारी जय भगवान सहित पुलिसकर्मी सवार थे।
तेज हवा और बारिश बनी वजह
जैसे ही काफिला कैथल-पटियाला मार्ग पर डीएवी कॉलोनी के पास पहुंचा, अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक भारी बिजली का पोल तेज हवा के कारण उखड़कर सीधे पायलट गाड़ी पर गिर गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पायलट गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

