अनिल शर्मा ,अंबाला। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने ग्राम मीठापुर में अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए कई अवैध कनेक्शन काट दिए।
कार्यकारी अभियंता हरभजन सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभाग ने पहले गांव में जांच कर अवैध कनेक्शनों की पहचान की थी। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद कनेक्शन बंद नहीं किए गए। इसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी अवैध कनेक्शन काट दिए।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
जिला सलाहकार अमित खोसला ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। विशेषकर अंतिम छोर पर रहने वाले उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा था। विभाग को जल दबाव कम होने और अनियमित जलापूर्ति की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह अभियान चलाया गया।
पानी बचाने की अपील
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पेयजल का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए करें। पानी की टोंटी खुली न छोड़ें और पेयजल का उपयोग वाहन धोने, बाग-बगीचों की सिंचाई या अन्य गैर-घरेलू कार्यों में न करें।
अमित खोसला ने कहा कि गर्मी के मौसम में जल संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है और पानी की हर बूंद कीमती है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध कनेक्शन लेने वालों और पेयजल का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पेयजल चोरी और अवैध उपयोग पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।इस दौरान खंड समन्वयक सुनील कुमार, नरेश पाल, पंप ऑपरेटर अशोक, जोनी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

