दिल्ली सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 22 और दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा (DANICS) कैडर के 11 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में रूपेश कुमार ठाकुर को स्वास्थ्य सचिव के पद से हटा दिया गया है। वहीं, अवनीश कुमार को आबकारी विभाग का प्रभार सौंपा गया है। दिल्ली सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में कुल 33 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है। इनमें IAS कैडर के 22 और DANICS कैडर के 11 अधिकारी शामिल हैं।
प्रशांत गोयल बने बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव
दिल्ली सरकार के प्रशासनिक फेरबदल के तहत 1993 बैच के AGMUT कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी प्रशांत गोयल को अतिरिक्त मुख्य सचिव (बिजली) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली वित्तीय निगम (DFC) और दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (DSCSC) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा प्रशांत गोयल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। इस फेरबदल के तहत उन्हें बिजली विभाग के साथ-साथ वित्तीय निगम, नागरिक आपूर्ति निगम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
रूपेश ठाकुर को अब केवल DUSIB CEO की जिम्मेदारी
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 2006 बैच के AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी रूपेश कुमार ठाकुर अब केवल दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का प्रभार संभालेंगे। उन्हें स्वास्थ्य विभाग के सचिव पद से हटा दिया गया है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) स्वास्थ्य विभाग में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है।
अवनीश कुमार बने नए आबकारी आयुक्त
वहीं, 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार को दिल्ली का नया आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह तकनीकी प्रशिक्षण एवं उच्च शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत थे। आबकारी विभाग की जिम्मेदारी उन्हें ऐसे समय में मिली है, जब दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति तैयार करने पर काम कर रही है।
किसे क्या जिम्मेदारी मिली?
सरकार के नए आदेश के तहत सत्येंद्र सिंह दुश्रावत को दिल्ली नगर निगम (MCD) के अतिरिक्त आयुक्त पद से स्थानांतरित कर उच्च शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। वहीं, परिवहन सचिव-सह-आयुक्त निहारिका राय दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की अध्यक्ष बनी रहेंगी। हालांकि, उन्हें पर्यटन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा, 1992 बैच के आईएएस अधिकारी बिपुल पाठक सामाजिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव बने रहेंगे। उन्हें दिल्ली वित्तीय निगम (DHFC), दिल्ली अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (DSFDC), एससी/एसटी/ओबीसी, महिला एवं बाल विकास (WCD) विभाग और वित्तीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
नवीन कुमार चौधरी बने अतिरिक्त मुख्य सचिव (GAD)
सरकार के नए प्रशासनिक आदेश के तहत नवीन कुमार चौधरी को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, दिलराज कौर शिक्षा विभाग की प्रधान सचिव बनी रहेंगी। हालांकि, उनसे दिल्ली सहकारी आवास वित्त निगम (DCHFC) और दिल्ली अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (DSFDC) का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

