कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कोर टीम की बैठक गुरुवार को समाप्त हो गई। बैठक के बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मीडिया को संबोधित करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि पार्टी सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से देशव्यापी जनसंवाद अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के जरिए CJP देशभर के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, उम्मीदों और मौजूदा हालात पर उनकी राय जानने का प्रयास करेगी।
‘युवाओं ने सरकार को झुकाया’
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने दावा किया कि जिस सरकार में वर्षों से किसी मंत्री के इस्तीफे की बात नहीं होती थी, वहां देश के युवाओं और जेन-जी ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। दीपके के मुताबिक, इस आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि लोगों के मन से डर का खत्म होना है।
‘अब लोग अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरेंगे’
दीपके ने कहा कि जनता अब अपने अधिकारों और जवाबदेही की मांग को लेकर खुलकर आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि आज लोगों ने एक व्यक्ति का इस्तीफा मांगा है, कल वे अन्य जिम्मेदार लोगों से भी जवाब मांगेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि CJP बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों तथा भारतीय संविधान की मूल भावना के अनुरूप विकसित भारत के निर्माण के लिए काम करेगी।
बेरोजगारी और शिक्षा सुधार पर रहेगा फोकस
अभिजीत दीपके ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और बेरोजगार युवा शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है और बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुकी है। CJP आने वाले समय में बेरोजगारी को राष्ट्रीय स्तर का प्रमुख मुद्दा बनाएगी। साथ ही, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण को रोकने के लिए भी पार्टी व्यापक अभियान चलाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


