उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला इलाके में दो दिन पहले हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार (42) के हत्याकांड में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को बड़ी सफलता मिली है। रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के तीन कथित शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रोहिणी इलाके में आरोपियों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 14 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में दो मुख्य शूटर दीपक पहलवान और नीतिक के पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी समेत कुल तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है।
जिम के बाहर गोलियों से भूनकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि नरेला निवासी प्रमोद कुमार इलाके में ‘मुकुल गार्डन’ नाम से मशहूर बैंक्वेट हॉल चलाते थे। इसके अलावा वह ‘मुकुल प्रॉपर्टीज’ के बैनर तले रियल एस्टेट का कारोबार भी करते थे। दो दिन पहले सुबह वह रोज की तरह जिम करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रमोद कुमार को कथित तौर पर रंगदारी के लिए लगातार धमकियां मिल रही थीं। खतरे को देखते हुए वह अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी से आवाजाही करते थे। वारदात वाले दिन भी वह इसी गाड़ी से जिम पहुंचे थे।
रोहिणी में घेराबंदी के दौरान फायरिंग, पुलिस ने दिया जवाब
प्रमोद कुमार हत्याकांड की जांच में जुटी स्पेशल टीमों को तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए सूचना मिली कि हिमांशु भाऊ गैंग के कुछ शूटर रोहिणी इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने के बजाय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। दोनों ओर से करीब 14 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो मुख्य शूटर दीपक पहलवान और नीतिक के पैर में गोली लगी और दोनों घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू में लिया और उनके एक नाबालिग सहयोगी समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विदेश में बैठे गैंगस्टर से जुड़े तार, साजिश की जांच जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार हत्याकांड के तार विदेश में बैठकर गैंग चलाने वाले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ से जुड़े हैं। पुलिस को आशंका है कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रमोद कुमार से कितनी रकम की रंगदारी मांगी गई थी, हत्या की साजिश किसने रची और वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को किसने निर्देश दिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



