गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और अवैध परिवहन पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के. स्पष्ट आदेशों के अनुपालन में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे कुल 09 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


खनिज विभाग की टीम ने संवेदनशील इलाकों में की घेराबंदी
खनिज विभाग की टीम ने मरवाही और आसपास के संवेदनशील इलाकों में घेराबंदी कर वाहनों को पकड़ा।
मरवाही क्षेत्र (चिचगोहना, मडवाही, कुम्हारी, मरिहीघाट): यहां से रेत से भरे 05 ट्रैक्टरों को जब्त कर सुरक्षा के लिहाज से मरवाही थाना में खड़ा कराया गया है।
अमेराटिकरा व मौहारिटिकरा: इन स्थानों से 01-01 ट्रैक्टर को जब्त कर कोटमी चौकी में रखा गया है।
खन्ता-लालपुर क्षेत्र: यहां से अवैध रेत परिवहन करते 01 ट्रैक्टर को पकड़कर नगर सैनिक लाइन में सुपुर्द किया गया है।
माइंस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज
खनिज अधिकारियों ने बताया कि सभी 9 वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड (पेनल्टी) एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के उपरांत ही इन वाहनों को छोड़ा जाएगा।

शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन या अन्य माध्यमों से प्राप्त अवैध उत्खनन/परिवहन की शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर उनका तत्काल निराकरण किया जाए।
इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे एवं नगर सैनिक छवि ओट्टी की मुख्य भूमिका रही। विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान जिले में आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

