जयपुर। राजस्थान में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर के वीकेआई क्षेत्र स्थित एक गोदाम से ‘रेड बुल एनर्जी’ ब्रांड के 53,256 कैन जब्त कर लिए। विभाग ने उत्पाद के लेबल पर किए गए दावों की जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में वीकेआई रोड नंबर-1 स्थित मेसर्स आदर्श एसोसिएट्स के गोदाम पर की गई।

53,256 कैन किए गए सीज

छापेमारी के दौरान विभाग ने ‘रेड बुल एनर्जी’ के 53,256 कैन सीज कर लिए और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत जांच के लिए नमूने एकत्र किए।

लेबल पर लिखे दावों पर उठे सवाल

संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा ने बताया कि उत्पाद के कैन पर “Energy Drink” और “Vitalizes Body and Mind” जैसे दावे लिखे मिले। विभाग का कहना है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसे दावों को भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना जा सकता है।

रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

विभाग ने सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। यदि जांच में लेबलिंग या अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खाद्य एवं पेय पदार्थों पर किए गए भ्रामक दावों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं।