दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा है कि केंद्र सरकार ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला लिया है। केंद्र की पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) योजना के तहत दिल्ली सरकार की 28 अहम पूंजीगत परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,647 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से दिल्ली में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मंजूर की गई परियोजनियां राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं, जिससे आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दिल्ली सरकार के पूंजीगत निवेश (कैपेक्स) बढ़ाने के प्रयासों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 756 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन (इंसेंटिव) भी मंजूर किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह दिल्ली के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त राशि से राजधानी की विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
28 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि एसएएससीआई (SASCI) योजना के तहत दिल्ली की 28 महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें दिल्ली मेट्रो से जुड़ी परियोजनाएं, एलिवेटेड बारापुला कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर, डीटीसी डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग स्टेशन और सड़क अवसंरचना से संबंधित अन्य अहम परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी में परिवहन व्यवस्था और सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, साथ ही नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शुरुआत से ही इस योजना को प्राथमिकता दी और केंद्र सरकार से लगातार आग्रह किया कि दिल्ली की आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को भी एसएएससीआई योजना के तहत शामिल किया जाए। इसी प्रयास का परिणाम है कि 9 जुलाई 2026 को दिल्ली सरकार की सभी 28 परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार को दिल्ली सरकार के सुधारों, वित्तीय अनुशासन और विकास परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता पर पूरा भरोसा है।
केंद्र के सहयोग से दिल्ली की विकास परियोजनाओं को मिली नई रफ्तार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र सरकार का यह सहयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सहयोग से केंद्र सरकार लगातार राज्यों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, पूंजीगत निवेश को बढ़ावा देने और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को मिली परियोजनाओं की मंजूरी और 756 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि इस बात का प्रमाण है कि स्पष्ट विकास दृष्टि, पारदर्शी कार्यप्रणाली और मजबूत वित्तीय प्रबंधन के साथ काम करने वाली सरकारों को केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर परिवहन तथा आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

