टुकेश्वर लोधी, आरंग। पत्रकारिता की असली ताकत तब दिखाई देती है, जब वह समाज की सुप्त व्यवस्था को झकझोर कर रख दे। छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव की पूर्व संध्या पर लल्लूराम डॉट कॉम ने आरंग के कलई रोड स्थित ‘अटल परिसर’ की बदहाली और राज्य निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के पास छाए अंधेरे का सच प्रमुखता से उजागर किया था। इस खबर ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी और नतीजा यह रहा कि महज कुछ ही घंटों के भीतर इस उपेक्षित स्थल की तस्वीर बदल गई।

खबर छपते ही एक्शन में आया प्रशासन

जैसे ही आरंग नगर पालिका प्रशासन तक यह संवेदनशील खबर पहुंची, अधिकारियों की नींद खुली। रविवार सुबह होते ही नगर पालिका के सफाई कर्मचारी और तकनीकी अमला आनन-फानन में ‘अटल परिसर’ जा पहुंचा। परिसर में फैली गंदगी और धूल को पूरी तरह साफ किया गया, जो परिसर कुछ घंटे पहले वीरान और अंधेरे में डूबा हुआ था, वहां विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुधारा गया, जिससे अब अटल जी की प्रतिमा रोशनी से जगमगा उठी है।

स्थानीय रहवासियों ने जताया आभार

लल्लूराम डॉट कॉम की इस सार्थक पहल और प्रभावी पत्रकारिता के बाद स्थानीय नागरिकों में एक अलग ही संतोष और खुशी का माहौल है। जिन नागरिकों ने इस उपेक्षा के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी, उन्होंने अब मीडिया का शुक्रिया अदा किया है।

स्थानीय निवासी जोगेन्द्र सिंह ठाकुर और वीरेंद्र शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “जब हमने कल यहां अंधेरा देखा था, तो दिल बहुत आहत हुआ था। लेकिन लल्लूराम डॉट कॉम ने हमारी आवाज को जिस मुस्तैदी से उठाया, उसका असर सुबह-ससुबह ही देखने को मिल गया। प्रशासन ने तुरंत सफाई कराई और लाइट चालू करवा दी। हम मीडिया के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने राज्य निर्माता का अपमान होने से बचा लिया।”

सच्ची पत्रकारिता की जीत

यह घटना इस बात का प्रमाण है कि जब मीडिया जनभावनाओं और महापुरुषों के सम्मान को लेकर सतर्क रहता है, तो सिस्टम को झुकना ही पड़ता है। ‘अटल परिसर’ का यह कायाकल्प सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उस जन-आस्था की जीत है जो छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति हर छत्तीसगढ़िया के दिल में बसती है। उम्मीद की जानी चाहिए कि अब प्रशासन सिर्फ दबाव में नहीं, बल्कि अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझकर ऐसे परिसरों के रख-रखाव पर निरंतर ध्यान देगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H