नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) ऑफिस में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण मामले में जांच एजेंसियों द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट में कई बड़े खुलासे हुए हैं। चार्जशीट के मुताबिक मुस्लिम आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत पीड़ितों को निशाना बनाया। एक पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे पाकिस्तानी इस्लामिक मौलवी तारिक जमील और जाकिर नाइक के वीडियो दिखाए जाते थे।

मंदिर जाना बंद कर दो, अल्लाह सारे गुनाह माफ कर देंगे

पिछले हफ्ते नासिक की एक अदालत में पेश चार्जशीट के मुताबिक ये वीडियो पीड़ितों को इसलिए दिखाए गए, ताकि वे इस्लाम के बारे में जान सकें। आरोपियों ने पीड़िता से कहा कि वह भजन सुनना और मंदिर जाना बंद कर दे। अल्लाह सारे गुनाह माफ कर देंगे। बता दें कि, नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में काम करने वाली 9 पीड़ित महिलाओं ने अप्रैल में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद लंबी जांच पड़ताल के आधार पर अब तक 8 आरोपी पकड़े गए हैं।

शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण, बोला- डरो मत, अल्लाह हमारे साथ

पीड़ित ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि आरोपियों ने ‘मानसिक तनाव’ कम करने के बहाने उसकी कमजोरी का फायदा उठाया। एक आरोपी दानिश शेख, जो पहले से शादीशुदा है, उसने शादी करने का झांसा देकर यौन शोषण किया।

जब पीड़ित को अपने भविष्य को लेकर डर सताने लगा, तो आरोपी ने कहा- डरो मत, भरोसा रखो, अल्लाह हमारे साथ है। भगवान के भजन सुनना और मंदिर जाना बंद कर दो। तनाव कम हो जाएगा। फिर उसने तस्बीह पढ़ने को कहा। पीड़ित के अनुसार, उसने (शेख ने) कहा, तुम जितना ज्यादा अल्लाह का नाम लोगी, तुम्हारे गुनाह माफ होते जाएंगे और तुम्हारे नेक काम बढ़ेंगे।

यू-ट्यूब पर जाकर पाकिस्तानी मौलवी के वीडियो दिखाए

पीड़ित के मुताबिक दानिश ने उसे पाकिस्तानी इस्लामी धर्मगुरु, उपदेशक और तबलीगी जमात के सदस्य तारिक जमील का वीडियो देखने और उनके भाषण सुनने को कहा। पीड़ित ने बताया कि दानिश ने उसके बैंक खातों और UPI PIN के बारे में पूरी जानकारी ले ली थी। उसे बैंक खाते में जमा पैसों के बारे में भी पता था। दानिश ने अन्य आरोपी तौसीफ और निदा से कहा था कि वे मुझे इस्लामी धर्म के बारे में जानकारी दें। इसलिए, तौसीफ और निदा समय-समय पर मुझे इस्लाम के बारे में बताती रहती थीं।

तौसीफ ने मुझसे कहा कि मैं अपने मोबाइल पर यूट्यूब पर जाकिर नाइक और डॉ. इसरार अहमद (पाकिस्तानी मौलवी) के वीडियो खोजकर सुनूं। तौसीफ के कहे अनुसार मैंने वे वीडियो देखे। चार्जशीट में 106 गवाहों के बयान शामिल हैं, जिनमें शिकायतकर्ता, उसकी मां, TCS के कर्मचारी/मैनेजमेंट, यौन उत्पीड़न रोकथाम (POSH) समिति के सदस्य और मामले की जांच कर रहे अधिकारी शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला ?

बता दें कि, TCS के नासिक ऑफिस में काम करने वाली महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए। SIT से जुड़े सोर्स कहते हैं, ‘पहली FIR 26 मार्च को देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी। इसके बाद 8 और महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई। इनके बयानों से यौन शोषण, जोर-जबरदस्ती और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का पैटर्न सामने आया है।

नासिक पुलिस की SIT इस मामले में 9 छेड़छाड़ और उत्पीड़न के मामलों की जांच कर रही है। FIR के मुताबिक, निदा खान पर आरोप है कि उसने वॉट्सएप ग्रुप के जरिए कर्मचारियों को नमाज पढ़ने और नॉन-वेज खाने के लिए दबाव डाला। महिलाओं को इस्लामिक परंपराओं के अनुसार कपड़े पहनने और व्यवहार करने की सलाह भी दी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m