कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke) के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी, हिंगोली में अंतिम सांस ली। परिवार में शोक के इस माहौल के बीच अभिजीत दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं। ऐसे में उनके सामने अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अभिजीत दीपके को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई या अपने पैतृक गांव जाने की अनुमति मिलेगी या नहीं।

अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके के निधन से परिवार में शोक की लहर है। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित उनके पैतृक गांव संतुक पिंपरी में उन्होंने अंतिम सांस ली। दादी के निधन की खबर मिलने के बाद अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके और मां अनीता हिंगोली के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, परिवार के घर के आसपास पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया है। एक ओर परिवार शोक में डूबा है, वहीं अभिजीत दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं। ऐसे में उनकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अभिजीत दीपके के दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद उनके माता-पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। NDTV को दिए एक इंटरव्यू में दीपके की मां अनीता और पिता ने इस कार्रवाई को गलत बताया। अनीता दीपके ने बताया कि विरोध प्रदर्शन वाले दिन उनके बेटे ने उन्हें मोबाइल और टीवी से दूर रहने के लिए कहा था, लेकिन मां होने के नाते वह खुद को खबरें देखने से रोक नहीं सकीं।

टीवी पर विमान में बेटे को हिरासत में लिए जाने की खबर देखी

अनीता दीपके ने बताया कि अभिजीत ने उनसे उस दिन टीवी नहीं देखने और फोन चेक नहीं करने को कहा था। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा, “लेकिन एक मां का दिल नहीं माना। मैंने उन्हें हवाई जहाज में बैठे हुए एक रील में देखा। उन्हें हवाई जहाज में ही हिरासत में ले लिया गया। यह गलत था।” अनीता ने कहा कि उन्हें अंदेशा था कि उनके बेटे को हिरासत में लिया जा सकता है। हालांकि, उन्हें इस बात पर हैरानी हुई कि पुलिस उस एयर इंडिया के विमान के अंदर कैसे पहुंच गई, जिसमें तीनों CJP नेता मौजूद थे।

पिता ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

अभिजीत दीपके के पिता ने भी अपने बेटे का समर्थन करते हुए पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आम लोगों को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन बलात्कारियों और आतंकवादियों जैसे अपराधियों के खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं करती। अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दिपके ने बताया कि उन्हें CJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी इंस्टाग्राम के जरिए मिली। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, “देश में पहली बार किसी छात्र को हवाई जहाज में गिरफ्तार किया गया है। बलात्कारियों और आतंकवादियों को नहीं पकड़ा जाता। वे उन्हें गिरफ्तार नहीं करते, जो देश का पैसा लेकर भाग जाते हैं। लेकिन वे तुरंत एक आम आदमी को गिरफ्तार कर लेते हैं।” भगवानराव दिपके ने अपने बेटे की हिरासत को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की।

दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके

दरअसल, अभिजीत दीपके मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन का ऐलान किया था। इसी सिलसिले में वह सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए, लेकिन दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया। इसके बाद से वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।

क्या दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे अभिजीत?

अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके के निधन के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंच पाएंगे। फिलहाल उनकी रिहाई या गांव जाने की अनुमति को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। एक ओर परिवार शोक में है, वहीं अभिजीत की हिरासत के कारण उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

प्रदर्शन के दौरान सब-इंस्पेक्टर घायल

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही है। घायल सब-इंस्पेक्टर की पहचान बजरंग जाधव के रूप में हुई है। चोट लगने की वजह पूछे जाने पर उन्होंने बताया, “उपद्रव कर रहे लोगों को हिरासत में लेने के दौरान मुझे धक्का दिया गया, जिससे मुझे चोट लग गई।” घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m