कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। एयरलाइन कंपनी ‘इंडिगो’ (IndiGo) ने जबलपुर से इंदौर के बीच संचालित होने वाली सीधी उड़ान को आगामी 25 अक्टूबर से पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है। एयरलाइन द्वारा आधिकारिक तौर पर विंटर शेड्यूल (Winter Schedule) जारी कर इस फ्लाइट को बंद किए जाने की जानकारी दी गई है।
यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, लंबा होगा सफर
जबलपुर से इंदौर के बीच की यह हवाई यात्रा महज 1 घंटे 40 मिनट की थी, जिसके बंद हो जाने से यात्रियों के सामने सफर का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सीधी फ्लाइट बंद होने के बाद अब यात्रियों को सड़क मार्ग या अन्य वैकल्पिक माध्यमों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे यही सफर तय करने में 10 से 12 घंटे का समय लगेगा। इस उड़ान के बंद होने से केवल जबलपुर ही नहीं, बल्कि कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, शहपुरा, सतना और रीवा सहित पूरे महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
मामा बने दादा: कुणाल-रिद्धि के घर गूंजी किलकारी, शिवराज सिंह ने पोते का नाम रखा ‘अहान’
यात्रियों में भारी नाराजगी
व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों के लिए जबलपुर-इंदौर रूट पर आवागमन का यह सबसे सुगम और तेज जरिया था। अचानक बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के सीधी फ्लाइट बंद किए जाने की सूचना से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग इस महत्वपूर्ण रूट पर फ्लाइट सेवा को यथावत रखने की मांग कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

