दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली में संभावित गैंगवार की एक बड़ी साजिश को विफल करते हुए कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विशाल पंडित और दीपांशु के रूप में हुई है। दोनों होलांबी खुर्द इलाके के निवासी हैं।

गोगी गिरोह पर हमले की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या का बदला लेने के लिए गोगी गिरोह के सदस्यों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। वे विरोधी गिरोह के ठिकानों की रेकी कर रहे थे और उनके बारे में जानकारी जुटा रहे थे। समय रहते गिरफ्तारी होने से संभावित गैंगवार टल गई।

हथियार और कार बरामद

विशेष आयुक्त (क्राइम) हर गोविंद सिंह धालीवाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, छह कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें गिरोह के एक फरार हैंडलर ने हथियार उपलब्ध कराए थे। हथियारों की टेस्टिंग गांव के खेतों में हवाई फायरिंग कर की गई थी।

विशाल का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

डीसीपी हर्ष इंदौरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा। जांच में सामने आया कि विशाल पंडित कई वर्षों से टिल्लू गिरोह से जुड़ा है। उसका भाई युद्धवीर उर्फ कालू पंडित भी कुख्यात अपराधी है और फिलहाल जेल में बंद है। विशाल पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और पुलिस पर फायरिंग समेत छह गंभीर मामले दर्ज हैं।

दीपांशु भी कई मामलों में आरोपी

बी.कॉम ग्रेजुएट दीपांशु वर्ष 2020 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। नवंबर 2024 में जेल से छूटने के बाद वह फिर गिरोह के संपर्क में आया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m