तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के बीच जुबानी विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विजय और उनकी मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नागेंद्रन के खिलाफ पुलिस महानिदेशक (DGP) के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कमलालयम में नागेंद्रन की टिप्पणी पर बवाल
विवाद शनिवार को चेन्नई स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय ‘कमलालयम’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए नागेंद्रन के बयान से शुरू हुआ। उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय द्वारा बार-बार ‘पिता’ का जिक्र किए जाने पर कटाक्ष किया।
नागेंद्रन ने कथित तौर पर कहा कि जब किसी व्यक्ति को घर में पिता नहीं मिलता, तो उसे अपनी मां से पूछना चाहिए कि पिता कौन है। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टिप्पणी विजय और उनकी मां के प्रति अपमानजनक थी। पुलिस से कार्यक्रम की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर उन्हें जब्त करने की मांग भी की गई है।
विजय के ‘कुट्टी कथई’ बयान से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि मुख्यमंत्री विजय के विधानसभा में दिए गए ‘कुट्टी कथई’ यानी छोटी कहानी वाले बयान से जुड़ी है। अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में DMK की हार के बाद विजय ने विधानसभा में राजनीतिक तंज कसते हुए उदयनिधि स्टालिन के पिता और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन के सदन में मौजूद नहीं होने का संदर्भ दिया था।
विजय की टिप्पणी को लेकर DMK सहित कई दलों ने आपत्ति जताई थी। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह विधानसभा में भले मौजूद न हों, लेकिन जनता के दिलों में मौजूद हैं।
बीजेपी के अंदर से भी नागेंद्रन की आलोचना
नागेंद्रन की टिप्पणी पर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार और नेताओं की नीतियों पर सवाल उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी नेता के परिवार, खासकर उसकी मां को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है।
अन्नामलाई ने इसे राजनीतिक मर्यादा की सीमा पार करने वाला और ‘थर्ड-रेट’ राजनीति का उदाहरण बताया। तमिलनाडु के मंत्री ए. राजमोहन ने भी नागेंद्रन के बयान को असभ्य और अनुचित करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


