Makrana Nagar Parishad Election: कुचामन-डीडवाना जिले के मकराना में शुक्रवार को नगर परिषद चुनाव के मतदान के दौरान भाजपा के अंदर की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांधड़ जब एक मतदान केंद्र पहुंचीं तो टिकट वितरण से नाराज भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों ने उन्हें घेर लिया।

कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण को लेकर जमकर विरोध जताया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और बागी प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की भी हुई। घटना मकराना के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर की है।
टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांधड़ मतदान केंद्र पर पहुंचीं तो वार्ड नंबर 50 और 30 से जुड़े बागी उम्मीदवारों के समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी में टिकट वितरण को लेकर अपनी शिकायतें सामने रखीं। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि टिकट बांटने के दौरान पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई। इसी नाराजगी के चलते भाजपा के कुछ बागी प्रत्याशियों ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण को लेकर पार्टी नेतृत्व के प्रति भी नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष के सामने कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी और विरोध दर्ज कराया।
कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की, माहौल हुआ तनावपूर्ण
विरोध के दौरान मामला धीरे-धीरे गरमा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और बागी प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
मतदान केंद्र के बाहर अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। जिलाध्यक्ष के घेराव के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जिलाध्यक्ष बोलीं, वर्चस्व की लड़ाई थी
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांधड़ ने बताया कि टिकट वितरण के मामले को लेकर मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी हुई। उन्होंने बताया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। रांधड़ के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच अपने वर्चस्व को लेकर विवाद था। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच शांति है। मकराना में मतदान के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर चल रही नाराजगी को मतदान केंद्र के बाहर ला दिया।
पढ़ें ये खबरें
- किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक, पिता बोले- मानसिक तनाव की आशंका
- धामी कैबिनेट के अहम फैसले: MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड 25 हजार, 243 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी
- गिफ्ट सिटी में 15 गुना बढ़ी शराब की बिक्री, दो साल में बिकी 60 हजार लीटर
- Rajouri Garden: 26 वर्षीय युवक के पेट में मिला गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब, RG Hospitals में सामने आया दुर्लभ मामला
- बैंकिंग सेक्टर में 5 डे वर्किंग की मांग पर देशव्यापी हड़ताल, चंडीगढ़ में भी ठप रहा काम; 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी



