गुजरात के मोरबी जिले के हलवद इलाके के चंद्रगढ़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक पिता ने अपने ही 27 वर्षीय जवान बेटे की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद केवल संबंधों को लेकर ही नहीं, बल्कि उसे घर में रखने के फैसले को लेकर भी था। 12 अक्टूबर की शाम जब बेटा अपने खेत पर अकेला था, तब वहां उसके पिता रामजी जाधव पहुंचे। दोनों के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस हुई, जो इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पिता ने खेत में रखे कृषि उपकरण (कुदाल) से बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने हथियार को छिपा दिया और चुपचाप घर लौट आया।
इसके बाद आरोपी ने अनजान बनने का नाटक करते हुए परिचितों को फोन कर बताया कि उसका बेटा अभी तक खेत से घर नहीं लौटा है और उसका फोन भी नहीं उठ रहा है। जब देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन उसे तलाशते हुए खेत पहुंचे, जहां उसका लहूलुहान शव मिला। जवान बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।
शुरुआत में पुलिस को लगा कि मामला किसी अज्ञात हमलावर की रंजिश का है, लेकिन जब पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से अपनी जांच का दायरा बढ़ाया, तो शक की सुई घर के भीतर ही घूम गई। जांच में यह बात सामने आई कि पिता ने ही बेटे की हत्या की है और शव मिलने के बाद उसने बेहोश होने का नाटक भी किया था। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी पिता रामजी जाधव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

