कुंदन कुमार, पटना। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस भीषण घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर की है।
सीएम सम्राट ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। सीएम सम्राट ने घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना भी की।
कई लोगों ने बिल्डिंग के बाहर लगाई छलांग
दरअसल मालवीय नगर में हौज रानी इलाके स्थित एक होटल एंड रेस्टोरेंट (फ्लॉरिस स्टे) में आज बुधवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को ही अपने चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान होटल में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जो अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने तो बिल्डिंग से बाहर छलांग लगा दी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 35 से अधिक लोगों को बचाया गया। होटल में कई विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे।
मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौजूद
सुबह 9:45 बजे के करीब दिल्ली फायर सर्विस को आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद विभाग द्वारा दमकल की कई गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया था। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। वहीं, अब रेस्क्यू ऑपरेशन भी समाप्त हो चुका है, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर भारी पुलिस बल, बड़े अधिकारी और एफएसएल की टीम मौजूद है, जो मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
धुएं के कारण दम घुटने से हुई मौतें
दिल्ली के पूर्व अग्निशमन निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह जगह बहुत संकीर्ण है, जहां पर दमकल विभाग की गाड़ियों का पहुंचना मुश्कल होता है। यह सुबह 9 बजे की सूचना है। दिल्ली फायर सर्विस की ओर से 20 फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। इस घटना में ज्यादातर मौतें धुएं के कारण दम घुटने से हुई हैं, न कि आग के कारण।
मालवीय नगर विधायक का बयान
मालवीय नगर विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि, सुबह 8.51 की यह घटना है। सूचना मिलते ही हमने पूरे सिस्टम को सक्रिय किया था। सभी लोग यहां समय पर आ गए थे। हमारे स्थानीय नागरिकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में भूमिका निभाई। कुल 47 लोगों का आंकड़ा सामने आया है, जो इस होटल में रह रहे थे। कुछ लोगों को हमने छत से भी नीचे उतारा और 21 लोगों की मौत हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त हो गया है।
ये भी पढ़ें- ‘ज्यादा उछलिए मत, कहलाएंगे पूर्व ही’, राजद विधायक बोगो सिंह का CM सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला

