महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर की इंदिरा कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक निजी स्कूल बस को लेकर विवाद हो गया। छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने पहुंची बस के ड्राइवर और एक स्थानीय व्यक्ति के बीच कहासुनी हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कस्सी (फावड़ा) उठाकर ड्राइवर पर हमला करने की कोशिश की। घटना के समय बस में 20 से 25 बच्चे सवार थे, जिससे वे भयभीत हो गए।

गली में रखी निर्माण सामग्री से शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी स्कूल की बस इंदिरा कॉलोनी में बच्चों को छोड़ने पहुंची थी। इसी दौरान कॉलोनी निवासी चंद्रपाल अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। आरोप है कि निर्माण सामग्री गली में रखी हुई थी।

बताया गया कि चंद्रपाल ने बस चालक से कहा कि वह बस को आगे नहीं ले जा सकता। इस पर चालक ने कहा कि बस में इसी मोहल्ले के बच्चे सवार हैं और उन्हें उनके घर तक छोड़ना जरूरी है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

ड्राइवर पर कस्सी से हमला करने का आरोप

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंद्रपाल और उसके दो बेटों के साथ बस चालक की कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कस्सी उठाकर ड्राइवर पर हमला करने की कोशिश की। घटना के दौरान बस में मौजूद एक महिला टीचर पूरी घटना का वीडियो बनाने लगी। आरोप है कि विवाद के बीच एक व्यक्ति बस में चढ़ गया। उसने महिला टीचर को धमकाते हुए वीडियो डिलीट करने के लिए कहा।

इस दौरान बस में बैठे बच्चे पूरी घटना देखकर घबरा गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और स्कूल बस वहां से रवाना हो गई। इस पूरे मामले में फिलहाल नारनौल सिटी थाना में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m