अनुज पांडेय, गोपालगंज। रूठी हुई पत्नी को मनाकर वापस घर लाने की उम्मीद में निकले एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम और चीख-पुकार में बदल गईं। गोपालगंज जिले के थावे जंक्शन के समीप शुक्रवार को एक ट्रेन हादसे में 30 वर्षीय युवक के दोनों पैर घुटने के पास से कट गए। गंभीर रूप से जख्मी युवक को स्थानीय लोगों और रेल पुलिस की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।​घायल युवक की पहचान थावे थाना क्षेत्र के रिखई टोला गांव निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अजहरुद्दीन के रूप में हुई है। अजहरुद्दीन स्थानीय स्तर पर थावे मंदिर परिसर के आसपास फोटोग्राफी का काम करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता है।

​मायके दुधही गई थी पत्नी, मनाने जा रहा था अजहरुद्दीन

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व किसी घरेलू बात को लेकर अजहरुद्दीन और उसकी पत्नी के बीच अनबन हो गई थी। इसके बाद उसकी पत्नी नाराज होकर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (दुधही) स्थित अपने मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने और उसे आदर-सम्मान के साथ वापस घर लाने के लिए अजहरुद्दीन शुक्रवार की सुबह दुधही जाने के उद्देश्य से घर से निकला था। वह थावे जंक्शन के पास ट्रेन पकड़ने या पटरी पार करने के दौरान अचानक आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।

​चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल

ट्रेन की चपेट में आते ही अजहरुद्दीन जोर-जोर से चिल्लाने लगा। हादसे में उसके दोनों पैर घुटने के पास से पूरी तरह कटकर अलग हो गए। घटनास्थल पर अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे के तुरंत बाद जंक्शन और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना राजकीय रेल पुलिस को दी।

​गांव और परिवार में छाया सन्नाटा

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। युवक की गंभीर स्थिति देख हर कोई सन्न रह गया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें पीएमसीएच, पटना रेफर करना पड़ा। फिलहाल पूरा गांव युवक के सलामती और जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहा है।