सुशीला देवी, गुरुग्राम। मानेसर के गांव बासकुशला से 25 अक्टूबर की शाम लापता हुए तीन साल के बच्चे को आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर थाना पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, नैतिक (3) पुत्र बृजकिशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के सिरोवन नगर, थाना तिलहर का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के गांव बासकुशला स्थित शंकर की ढाणी में रहता है। 25 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे वह अचानक लापता हो गया था।

सूचना मिलते ही तलाश में जुटी पुलिस

बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर थाना पुलिस ने तलाश शुरू की। थाना प्रबंधक के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। टीमों ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को मानेसर से सकुशल बरामद कर लिया।

इसके बाद बच्चे को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद किया।

गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m