सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था और पीड़ित की त्वरित सुनवाई के दावों को ठेंगा दिखाती एक बेहद शर्मनाक मामला ग्वालियर के डबरा से सामने आई है। यहां एक 70 वर्षीय बेसहारा बुजुर्ग आराम सिंह गुर्जर पिछले 6 महीनों से इंसाफ के लिए थाने के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, लेकिन पुलिस का दिल नहीं पिघला। अब इस सिस्टम से तंग आकर बुजुर्ग ने थाने की दहलीज पर ही रोते हुए आत्महत्या करने की आत्मघाती चेतावनी दे डाली है।

ये भी पढ़ें : Digital Arrest: CBI बनकर बुजुर्ग से ठगी, धमकाकर ठगे 22 लाख रूपए, ‘WE ARE SAFE’ कोडवर्ड से खुद को कर रहे थे सिक्योर

बुजुर्ग ने रोते हुए बताया कि अब तो मेरी मंशा सिर्फ अपनी जान देने की है। 6 महीने बीत गए, कोई नहीं सुनता। आज सुबह से सिर्फ चाय पीकर घर से निकला हूं और थाना प्रभारी संजय शर्मा के इंतजार में बैठा हूं, उन्होंने आज मिलने का वादा किया था।

6 महीने से काट रहे चक्कर, SSP से लेकर हर दफ्तर में सिर्फ मिली ‘तारीख’

हैरानी की बात यह है कि पीड़ित बुजुर्ग पिछले 6 महीनों के भीतर ग्वालियर जिले के एसएसपी (SSP) धर्मवीर सिंह यादव सहित क्षेत्र के तमाम आला अधिकारियों की चौखट पर सिर पटक चुके हैं। बुजुर्ग जब भी आस लेकर किसी दफ्तर में जाते हैं, उन्हें कार्रवाई के बजाय एक ‘नई तारीख’ दे दी जाती है। 6 महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी के खिलाफ न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही उसे सलाखों के पीछे भेजा गया।

अपनों ने ही की ठगी, नाती ने हड़पे बुढ़ापे के 46 लाख रुपये

बुजुर्ग आराम सिंह गुर्जर की अपनी कोई संतान नहीं है, जिसके चलते वे अपने भाई के बेटे के साथ डबरा में रहते हैं। उनकी बेबसी का फायदा उठाते हुए उनके ही खून ने उन्हें चूना लगा दिया। दरअसल आराम सिंह ने बड़ोंनकला में अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी।

बुढ़ापे में किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े, इसलिए उन्होंने पूरी रकम बैंक में जमा कर दी थी। उनके भाई के पोते (नाती) जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बुजुर्ग को झांसे में लिया और उधार के नाम पर 20 लाख रुपये ऐंठ लिए।

इसके बाद शातिर जितेंद्र ने ICICI बैंक में जाकर बुजुर्ग का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदलवा दिया और खाते में बचे 26 लाख रुपये भी पार कर दिए। इस तरह कुल 46 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। अब पैसे वापस मांगने पर बुजुर्ग को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

ये भी पढ़ें : कहीं आपकी कॉलोनी भी तो इस लिस्ट में नहीं? MP के इस शहर में अवैध कॉलोनियां चिन्हित, 300 पर FIR के बाद 15 इलाकों को नोटिस

क्या किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है पुलिस?

एक 70 साल का बुजुर्ग हर दिन भूखा-प्यासा पुलिस थाने के बाहर सिर्फ इस उम्मीद में बैठता है कि शायद आज उसकी सुनवाई होगी। बुजुर्ग द्वारा सरेआम आत्महत्या की चेतावनी दिए जाने के बाद भी डबरा पुलिस का रवैया जस का तस बना हुआ है। अब देखना यह है कि इस खबर के सामने आने के बाद ग्वालियर पुलिस जागती है या फिर किसी अनहोनी के बाद ही एक्शन लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m