पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार तड़के एक गोदाम में ई-रिक्शा की बैटरी फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि गोदाम में ई-रिक्शा की बैटरियां रखी हुई थीं। सोमवार तड़के अचानक एक बैटरी फट गई, जिसके बाद गोदाम में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने गोदाम के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित गोदाम नंबर R-17A में आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। अधिकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी, उसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार और मंजिलें हैं। आग पहली मंजिल पर रखे सामान में तेजी से फैली।

दमकल की तीन गाड़ियां और वॉटर बाउजर पहुंचे

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और एक वॉटर बाउजर मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। करीब 43 मिनट की मशक्कत के बाद सुबह 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही झुलसे थे दोनों

फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हादसे में दो लोग झुलस गए थे। दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही दोनों को रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुफैद (17), पुत्र मोहम्मद नसीब और मोहम्मद समीद (38), पुत्र शेख रिदकी के रूप में हुई है।

आग लगने की असल वजह की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद गोदाम में रखे घरेलू सामान में आग लगी थी। हालांकि, बैटरी फटने और आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, संपत्ति को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m