अजयारिवंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के नगर पालिका क्षेत्र धनपुरी के वार्ड क्रमांक 17 स्थित माइकल चौक में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेकेंड हैंड साड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
सेकेंड हैंड साड़ी के गोदाम में लगी भीषण आग ने न सिर्फ व्यापार को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि रिहायशी इलाके में रहने वाले लोगों की सांसें भी थमा दीं। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए,वहीं देर से पहुंची फायर ब्रिगेड और लीक हो रहे पाइपों ने आग बुझाने के प्रयासों पर भी सवाल खड़े कर दिए।
यह भी पढ़ें: भोपाल में 70 हजार लोकल यूथ सर्वेयर्स का फूटा गुस्साः नौकरी बहाली को लेकर राजस्व मंत्री के बंगले का घेराव
जिले के धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नं 17 माइकल चौक निवासी मो. अरसद के सेकेंड हैंड साड़ी गोदाम में देर रात आग भड़क उठी। गोदाम रिहायशी इलाके में स्थित होने के कारण आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग घबरा गए और एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। लोगों का कहना है कि आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड के पाइप कई जगह से लीक हो रहे थे, जिससे पर्याप्त दबाव नहीं बन पाया और आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया। इस वजह से गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें: लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाईः 80 हजार रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार, इसके लिए मांगी थी घूस
हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं गोदाम संचालक मो. अरसद ने आरोप लगाया है कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश के चलते कुछ विरोधियों द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। घटना ने एक बार फिर दमकल व्यवस्था की तैयारियों और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो यह हादसा आसपास के मकानों तक फैलकर और भी भयावह रूप ले सकता था।

