आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास स्थित सूरज इंटरप्राइजेज में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देख तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।

आग बुझाने के लिए तोड़ा गया बुक डिपो का शटर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। दुकान बंद होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल था, जिसके चलते SDRF की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दुकान में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और कागज रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर कारणों की जांच करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


