मथुरा. हाथरस जिले से करीब तीन महीने से लापता चल रहे 16 वर्षीय अनुज चौधरी को बरसाना पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, अनुज लाडली जी मंदिर के पास स्थित एक आश्रम में मिला. बरामदगी के समय उसने कपड़े का चोला पहना हुआ था और गले में माला के साथ माथे पर चंदन लगा था. पुलिस ने उसे हाथरस पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां उसकी गुमशुदगी दर्ज है.
तीन महीने से लापता था अनुज
अनुज हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के बरामी खेड़ा शमशाबाद का रहने वाला है. उसके पिता का नाम राजवीर सिंह है. परिजनों के अनुसार, अनुज करीब तीन महीने पहले घर से निकला था और इसके बाद वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद परिवार ने सादाबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी.
प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने की बात
परिजनों ने बताया था कि अनुज वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से जुड़ा था. अनुज के लापता होने के बाद परिवार ने आश्रम के बाहर धरना भी दिया था. परिजनों का आरोप था कि अनुज आश्रम में मौजूद हो सकता है और उन्हें उसके बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है. परिवार ने पुलिस से उसकी तलाश की मांग की थी.
सर्च ऑपरेशन के दौरान आश्रम से मिला
अनुज की तस्वीर मथुरा के थानों, चौकियों, डायल 112, सर्विलांस और पुलिस की सोशल मीडिया टीम को भेजी गई थी. इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तलाश शुरू की गई. बरसाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान लाडली जी मंदिर के पास एक आश्रम से अनुज को बरामद किया. थाना प्रभारी के मुताबिक, उसे सुरक्षित बरामद कर हाथरस पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें- ‘हिंदू गुर्जर से शादी करें इकरा हसन’ तो समाज की बेटी मानेंगे- नंदकिशोर गुर्जर
आश्रम से जुड़ी एक मौत के बाद बढ़ी थी चर्चा
25 सितंबर को श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से जुड़ी चार मंजिला इमारत से दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की गिरकर मौत हो गई थी. इसे लेकर आत्महत्या और अन्य परिस्थितियों से जुड़े सवाल उठे थे. इस घटना के बाद अनुज के लापता होने का मामला भी चर्चा में आया था. पुलिस अब पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.

