लखनऊ. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में शिक्षा-परीक्षा ध्वस्त हो गई है. दस साल में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए है. भाजपा सरकार ने स्कूली शिक्षा को बर्बाद कर दिया है. सरकारी नौकरियों में भेदभाव हुआ है. भाजपा सरकार में शिक्षा विभाग में गिरोह बन गए हैं. भाजपा सरकार ने शिक्षकों के साथ भेदभाव किया है, शोषण किया है. समाजवादी पार्टी वित्तविहीन, शिक्षकों, शिक्षामित्रों की मांगों और पुरानी पेंशन को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी. भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ पुलिस व्यवस्था को भी बर्बाद कर दिया है.

आगे उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले 10 साल में शासन, प्रशासन और पुलिस के काम का आंकलन करने के बाद प्रदेश की पुलिस को लेकर टिप्पणी की है. भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस अन्याय कर रही है. हत्या, लूट और अन्याय की घटनाएं लगातार हो रही है. भाजपा सरकार ने प्रदेश की पुलिस को बर्बाद कर दिया है. पुलिस की तमाम शिकायतें आ रही है. फर्जी एनकाउण्टर, पुलिस हिरासत में मौते, झूठे मुकदमें और लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- PUBG खेलते-खेलते दिल दे बैठा बांग्लादेशी, सरहद पार कर पहुंचा भारत; कहानी में आया भयानक ट्विस्ट

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान व्यापारी सभी संकट में है. किसानों को समय पर खाद, बीज कीटनाशक नहीं मिल रहे है. समाजवादी पार्टी की सरकार में सिंचाई मुफ्त हुई. किसानों को समय पर खाद मिलती थी. बिजली मिलती थी. नेताजी ने पहली सरकार में किसानों के 10 हजार तक के कर्ज माफ किए थे. समाजवादी सरकारों में किसानों के हित में फैसले होते थे. आने वाले समय में भी किसानों के हित में काम होंगे. समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में किसानों, नौजवानों, शिक्षकों, महिलाओं और अन्य वर्गों से जुड़ी बहुत सी बातें आएंगी. जब बड़े-बड़े पूंजीपतियों का कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों को राहत क्यों नहीं मिल सकती है? मुख्यमंत्री जी रूढ़िवादी हैं. उनकी सोच पुरानी है, इसीलिए वे छात्रों, नौजवानों को मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट से दूर रखना चाहते हैं.

अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी के नौजवानों की सोच नई है. वे पॉजिटिव हैं. विकास चाहते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के अण्डरग्राउण्ड सुरंगवादी लोग अंदर-अंदर समाज में जहर घोलते हैं. वहीं छात्र और नौजवान भाजपा के गलत कार्यों और गलत नीतियों का जवाब दे रहे हैं, इसीलिए मुख्यमंत्री जी घबराए हुए है. किसान, छात्र, नौजवान, बेरोजगार भाजपा को सत्ता से हटाने जा रहा है. भाजपा सरकार में अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है. अस्पतालों में मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा है. भाजपा ने एम्बुलेंस सेवाओं से लेकर अस्पताल तक सब बर्बाद कर दिया.

इसे भी पढ़ें- UP Home Guard Result: खत्म हुआ अभ्यर्थियों का इंतजार! 41,424 युवाओं की चमकी किस्मत, देखें जिलेवार लिस्ट

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि कार्यकर्ता और नेता बूथ स्तर पर तैयारी करें. कार्यकर्ताओं का पहला और आखिरी लक्ष्य बूथ पर वोटर लिस्ट को ठीक कराना होना चाहिए. सभी अपनी-अपनी वोटर लिस्ट ठीक रखें. समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं, नेताओं को हर विधानसभा क्षेत्र में 27000 वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिया है. समाजवादी पार्टी के 27000 वोट बढ़ेंगे और भाजपा के फर्जी वोट कटेंगे तो चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा.