मऊ. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित काशीराम आवास कॉलोनी में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. शुरुआत में महिला ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने उसके पति की चाकू मारकर हत्या कर दी है, लेकिन पुलिस की गहन जांच में ऐसा सच सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक महिला का पति नहीं बल्कि उसका प्रेमी था.
इसे भी पढ़ें- 14 अगस्त को फिर याद आएगा बंटवारे का दर्द! लखनऊ में प्रदर्शनी, मौन जुलूस और 1947 की अनसुनी कहानियां…
दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर बनाई हत्या की योजना
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि महिला शहजादी का दूसरे युवक आकाश राव से भी प्रेम संबंध था. मृतक लगातार महिला पर आकाश राव से दूरी बनाने का दबाव बना रहा था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया. इसी विवाद के चलते शहजादी ने अपने दूसरे प्रेमी आकाश राव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
सोते समय चाकू से हमला, दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन जब मृतक सो रहा था, तब शहजादी ने आकाश राव को घर बुलाया. आरोप है कि आकाश ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इस वारदात में सूरज राजभर की भी भूमिका सामने आई है. पुलिस ने शहजादी और सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आकाश राव अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
इसे भी पढ़ें- ‘गरीबों के आंसू पोंछना ही असली समाजवाद’ जनेश्वर मिश्र की जयंती पर शिवपाल यादव का संदेश
मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर, कई गंभीर मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी आकाश राव थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि विवेचना का उद्देश्य किसी के निजी जीवन पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाना था. जांच में प्रेम संबंधों को लेकर विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे हैं. फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है.


