अभय मिश्रा, मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां अलहौवा गांव में त्योहार की तैयारियों के बीच अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सनकी व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर चार लोगों को आग के हवाले कर दिया। घटना में एक युवक बुरी तरह झुलस गया है, जबकि उसे बचाने गए तीन अन्य लोग भी लपटों की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे युवक को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर शिकायत दर्ज करने में टालमटोल का गंभीर आरोप भी लगाया है।
मऊगंज का अलहौवा गांव, जहां आगामी ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां चल रही थीं। शाम करीब 7 बजे गांव के लोग मिलकर तैयारियों में जुटे थे, तभी अचानक गांव का ही रहने वाला राम रईस जायसवाल हाथ में पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी ने वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: युवाओं में बढ़ती गाली-गलौज पर बजरंग दल का नया अभियान: संघ का अनुषंगिक संगठन संस्कार-सभ्यता का पढ़ाएगा पाठ, बीजेपी-कांग्रेस में वार पलटवार
देखते ही देखते वहां चीख-पुकार मच गई। इस हमले में अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं उसे लपटों से बचाने के चक्कर में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अतीक अहमद भी झुलस गए। आनन-फानन में परिजनों ने गंभीर रूप से घायल अजहरुद्दीन को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हैं।
परिजनों का साफ कहना है कि आरोपी से उनकी कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। वहीं वारदात के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद जब वे रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचे, तो पुलिसकर्मियों ने सुनवाई करने के बजाय कह दिया कि “जाओ, पहले इलाज कराओ, कल आना।” बहरहाल, इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपी के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


